बड़ौत। छपरौली-ककड़ीपुर संपर्क मार्ग पर दिनदहाड़े बाइक सवार एक राशन डीलर पर दो सशस्त्र बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाते हुए फरार हो गए। गोली लगने से घायल डीलर ने बाइक छोड़ खेतों में भागकर गांव में इसकी सूचना दी। घायल अवस्था में उसके परिजनों ने उसे बड़ौत निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
गोली लगने से घायल हुआ प्रदीप पुत्र जयसिंह ककड़ीपुर गांव का रहने वाला है। वह गांव का राशन डीलर भी है। सोमवार को वह छपरौली किसी कार्य के लिए बाइक से गया था। जब दोपहर के समय छपरौली से अपने गांव लौट रहा था, तो गांव के बाहर ही दो सशस्त्र बदमाश मिले और उन्होंने उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी है। वह बाइक को छोड़ खेतों में होकर गांव की ओर दौड़ पड़ा। एक गोली उसकी पीठ में लगी और खून से लथपथ हो गया। उसने इसकी सूचना परिजनों को दी। उसके परिजन और ग्रामवासी उसे लेकर बड़ौत निजी अस्पताल आए, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस को घटनास्थल पर उसकी बाइक पड़ी मिली। बदमाशों की तलाश की गई, पर पता नहीं लग सका है। इस संबंध में सीओ घनश्याम सिंह का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। उनके परिजन उसका इलाज कराने में जुटे हैं।