बागपत। गांगनौली में पुलिस सुरक्षा में मारी गई सरोज के जीजा कृष्णपाल को जान से मारने की धमकी देने के मामले की जांच में पुलिस को बेहद महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी हैं। जिस फोन से धमकी दी गई, वह बिजवाड़ा गांव के एक युवक का है। इसकी लोकेशन भी इसी गांव की आई। माना जा रहा है कि मंगलवार तक सद्दाम इसी गांव में छुपा हुआ था। पुलिस ने शक के आधार पर गांव के दो लोग हिरासत में भी ले लिए हैं।
सद्दाम ने जिस फोन से कृष्णपाल को धमकी दी थी, पुलिस ने एक तो उसकी आईडी निकलवाई, यह बिजवाड़ा के एक युवक की निकली। दूसरा लोकेशन ट्रेस की, यह भी बिजवाड़ा की आई। जिसकी आईडी थी, उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वह गोलमोल जवाब दे रहा है।
कभी कहता है कि फोन खो गया था, कभी बोलता है, उसका फोन कोई और इस्तेमाल कर रहा है। इसी से शक हो गया कि वह सद्दाम के साथ मिला हुआ है। पुलिस ने दो लोग हिरासत में लिए हैं। उम्मीद है कि इनसे पूछताछ में सद्दाम के बारे में कुछ ना कुछ सटीक जानकारी मिलेगी। पुलिस ने कुछ संदिग्ध नंबरों की कॉल डिटेल भी निकलवाई है। इसके अलावा कई लोगों के फोन सर्विलांस पर ले लिए हैं।
हालांकि इस बारे में एसपी जितेन्द्र शाही सिर्फ इतना ही बता रहे हैं कि कृष्णपाल को धमकी देने के मामले में शक के आधार पर बिजवाड़ा के दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। उधर, इस मामले की पैरवी कर रहे अशोक मलिक का कहना है कि बिजवाड़ा गांव में सद्दाम गिरोह का ठिकाना हो सकता है।
परिवार को सता रहा सद्दाम का खौफ
एसपी से सुरक्षा को मिला दंपति
बागपत। गांगनौली में ऐलान करके खून करने वाले मोस्ट वांटेड अमित उर्फ सद्दाम ने मंगलवार को फोन पर सरोज के जीजा कृष्णपाल को धमकी दी थी। इससे पूरा परिवार खौफ में है। बुधवार को कृष्णपाल अपनी पत्नी के साथ एसपी से मिला और सुरक्षा की गुहार लगाई।
कृष्णपाल का पूरा परिवार दहशत में है। उनका कहना है कि सद्दाम से कोई नजदीक का आदमी मिला हुआ है। जो पल-पल की जानकारी उन्हें दे रहा है। उनका नंबर सद्दाम के पास कैसे पहुंचा। इसको लेकर भी वे काफी टेंशन में है। ऐसे में उनका घर से निकला मुश्किल हो गया है। कृष्णपाल की पत्नी सुशीला का कहना है कि बदमाश उनके पीछे लगे हुए है। उन्होंने एसपी से बदमाशों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
एसपी जे के शाही का कहना है कि परिवार को सुरक्षा दी जाएगी तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।