बागपत। डीएम आवास के पास ही सिसाना गांव के खादर में बृहस्पतिवार को पुलिस प्रशासन की टीमों ने दो बार छापा मारा। वहां रेत से भरे ट्रक भी 200 से ज्यादा मिले और पांच जेसीबी मशीनें खनन कर रही थीं। लगभग 100 लोग खनन में लगे थे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अफसरों ने कोई कार्रवाई करना जरूरी नहीं समझा। खनन में लगे लोग भागने लगे तो उन्हें पकड़ने की कोशिश भी नहीं की गई। और तो और एक भी ट्रक सीज नहीं किया गया। न ही कोई एफआईआर लिखी गई। अफसरों ने ट्रकों की गिनती करके उनके नंबर तक नोट करना जरूरी नहीं समझा।
सिसाना में कुछ दिन पहले रेत का एक ढेर उठाने का ठेका दिया गया था। इसी की आड़ में अंधाधुंध खनन किया जा रहा था। इस पर रिट हो जाने पर हाईकोर्ट ने खनन बंद कराने का आदेश दिया। इसी को तामील कराने के लिए बृहस्पतिवार सुबह पहले तहसीलदार अशोक चौधरी और इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने छापा मारा। फिर एसडीएम एनके सिंह और सीओ एनपी सिंह पहुंचे।
घंटों तक छापामारी चली। छापामार दल के सामने रेत के ट्रक ही ट्रक थे, जेसीबी मशीनें खनन कर रही थी। इतने लोग लगे मिले, जिनसे खादर में गांव सा बस गया। मौके पर कुल्फी और बिरयानी के ठेले भी लगे मिले, लेकिन अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजा यह हुआ कि छापामार दल के जाते ही सभी ट्रक रेत के साथ वहां से एक-एक कर जाने लगे। उन्हें किसी ने नहीं रोका।
रिपोर्ट का इंतजार है : एडीएम
एडीएम संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि सिसाना में चल रहा रेत खनन बंद करा दिया गया है। यहां खनन नहीं होने दिया जाएगा। छापे की जांच रिपोर्ट एसडीएम को देनी है। जैसे ही यह आएगी, आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खनन बंद करा दिया : सीओ
सीओ एनपी सिंह ने बताया कि सिसाना में खनन की सूचना पर छापा मारा गया था। खनन पूरी तरह से बंद करा दिया गया है। वहां पुलिस की निगरानी रखी जा रही है ताकि खनन न होने पाए।
आदेश तामील कराया : तहसीलदार
तहसीलदार अशोक चौधरी का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश पर खनन ही नहीं, ढेर से रेत का उठान भी बंद करा दिया गया है। जो लोग खनन में लगे थे, उन्हें वहां से दूर कर दिया गया है। खनन तो बंद हो ही गया है, अब रेत भी नहीं उठने दिया जाएगा।