बागपत। पुलिस लाइन में बंधक बनाकर महिला की आबरू लूटने का आरोपी दरोगा डेढ़ माह से फरार चल रहा है। कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। आरोपी दरोगा पहले से ही सस्पेंड चल रहा है।
क्राइम ब्रांच में तैनात दरोगा सूरज सिंह छह मार्च की रात को मेरठ की एक महिला को पुलिस लाइन में लेकर आया था। महिला ने आरोप लगाया था कि दरोगा ने उसे बंधक बनाकर उसकी आबरू लूटी। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पर उसे रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी दारोगा की गिरफ्तारी के लिए बिजनौर में दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। दो सप्ताह पूर्व महिला ने कोतवाली पर पहुंचकर शिकायत कि थी कि आरोपी दरोगा व कुछ सफेदपोश उस पर फैसला करने का दबाव बना रहे हैं। मना करने पर उसकी व उसके बच्चों की हत्या करने की धमकी दे रहे है। पुलिस अधिकारी मामले को लेकर गंभीर है।
कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान का कहना है कि कोर्ट से दरोगा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो गए है। यदि आरोपी दरोगा की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो मकान की कुर्की की तैयारी की जाएगी।