बागपत। नैथला गांव में जेसीबी मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर किए जा रहे मिट्टी के अवैध खनन पर पुलिस-प्रशासन की टीम ने शनिवार रात दो बजे छापामारी की। मौके से एक जेसीबी मशीन और मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर ट्रॉलियां भी पकड़ी गई, लेकिन ताज्जुब की बात यह रही है कि एसडीएम, तहसीलदार और इंस्पेक्टर के सामने ही माफिया आसानी से फरार हो गए। उनके नाम-पते भी मालूम नहीं किए जा सके हैं।
नैथला गांव के लोग एक महीने से इस खनन की शिकायत कर रहे थे। ग्राम प्रधान रविदत्त का कहना है कि उन्होंने भी अफसरों को कई बार बताया लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा था। एसएस कॉलेज के पास से मिट्टी का खनन करके ईंट भट्टों पर मिट्टी सप्लाई की जाती है। शनिवार की रात एसडीएम यशवर्र्धन श्रीवास्तव, तहसीलदार अशोक चौधरी, खनन निरीक्षक पंकज कुमार ने पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। उस समय भी खनन चल रहा था। तहसीलदार का कहना है कि अधिकारियों और पुलिस की टीम को देखते ही खनन में लगे लोग भाग निकले। खनन निरीक्षक ने कोतवाली पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके अलावा सिसाना के खेतों में भी मिट्टी खनन पर छापामारी की गई। यहां भी माफिया, ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान का कहना है कि अवैध मिट्टी खनन करने वाले कौन है इसका पता लगाया जा रहा है।