बागपत। कोतवाली क्षेत्र के एक भट्ठे से 15 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर उसके साथ दो माह तक गैंगरेप किया गया। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, इनमें तीन सगे भाई हैं, चौथा उनका चाचा और पांचवां अन्य है। पुलिस ने किशोरी को मुक्त कराकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रमाला क्षेत्र का एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ कोतवाली क्षेत्र के एक भट्ठे पर काम करता है। 25 अप्रैल की रात को उसकी 15 वर्षीय बेटी भट्ठे से लापता हो गई थी। उसने अपने गांव के ही वसीम उर्फ भूरा, उसके भाई शौकीन, यूसुफ, चाचा जाहुल पर अपहरण का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित और आरोपी एक ही समुदाय के हैं।
शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस ने कलक्ट्रेट के पास से किशोरी को बरामद कर आरोपी वसीम उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी के पिता ने बताया कि नामजद आरोपी उसकी बेटी को पहले शामली क्षेत्र के एक गांव में लेकर गए। बाद में उसे लोनी लेकर पहुंच गए थे। आरोपियों ने उसकी बेटी को एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।
लड़की के पिता ने बताया कि आरोपियों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी एसआई अमन सिंह का कहना है कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण होने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। उसी के आधार पर कार्रवाई होगी। अगर वह बयान में रेप की बात कहती है, तो इसमें तरमीम कर लिया जाएगा। उनका कहना है कि आरोपी भूरा को गिरफ्तार कर लिया गया है।