मंडावर/चंदक (बिजनौर)। जेल में दो अपराधियों के बीच हुई वर्चस्व की लड़ाई में रंजिश रखने वाले एक हिस्ट्रीशीटर ने जेल से बाहर निकलकर दूसरे को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल जान बचाने के लिए खेत में जा छुपा, जबकि आरोपी तमंचा लहराता हुआ फरार हो गया।
गांव रायपुर निवासी कामेंद्र शनिवार सुबह अपने ताऊ घसीटा सिंह के साथ चारा लेकर बुग्गी से घर लौट रहा था। रास्ते में उसे हिस्ट्रीशीटर गांव भरैकी निवासी विपिन और उसके साथी कुटीया कॉलोनी निवासी सोनू उर्फ लादेन ने घेर लिया और कामेंद्र की कनपटी पर तमंचा तान दिया। जैसे ही विपिन ने फायरिंग की, कामेंद्र ने तमंचे की बैरल ऊपर कर दी, जिससे गोली उसके दाहिने हाथ के पंजे में लगी। कामेंद्र दोनों को धक्का देकर खेत में जा छुपा। फायरिंग की आवाज सुनकर किसानों के मौके पर आ जाने पर विपिन तमंचा लहराता हुआ बाइक से फरार हो गया। एएसपी सिटी से कामेंद्र ने बताया कि वह अपनी पत्नी को गोली मारने के मामले में कुछ समय जेल में बंद रहा था। वहां उसका विपिन से 27 मई को झगड़ा हो गया था। विपिन ने उसेे जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार को विपिन उसके घर गया और पत्नी से पूछताछ की। उसकी पत्नी ने ही विपिन को उसके जंगल में होने की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि नांगलसोती क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर हुई लूट में भी उसी का नाम सामने आ रहा है।
शातिर अपराधी है विपिन
मंडावर/चंदक। विपिन एक शातिर अपराधी है। मई 2012 में वह लूट के दौरान व्यापारी सुशील तोमर की हत्या कर चुका है। इस मामले की सुनवाई के लिए जब उसे जजी में ले जाया गया था तो वह सिपाही की आंखों में मिर्च झोंक कर फरार हो गया था।