बड़ौत। पुलिस ने साधू सेवा गिरी की हत्या का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक साधू ने एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। थप्पड़ का बदला लेने के लिए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले साधू की पिटाई की और फिर गोली मार दी। पुलिस ने एक अधिवक्ता समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई 32 बोर का देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है। बृहस्पतिवार देर शाम न्यू रामनगर में मंदिर के साधु सेवा गिरी की बाइक सवार तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। देर रात इस मामले की रिपोर्ट मृतक के भाई वीरेंद्र निवासी करनावल ने विजय उर्फ कग्गा पुत्र कुशलपाल निवासी खामपुर हाल निवासी न्यू रामनगर बड़ौत, राजू उर्फ राजेश उर्फ राजीव एडवोकेट पुत्र बलजोर सिंह निवासी जौहड़ी हाल निवासी बिनौली रोड बड़ौत को नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की। आरोपियों ने एक साथी सुमित निवासी पट्टी चौधरान बड़ौत का नाम बताया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। सीओ सीपी सिंह के मुताबिक साधू की विजय से कुछ कहासुनी हो गई थी और साधू ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इससे क्षुब्ध होकर वह अपने दो साथी राजू और सुमित को लेकर आया। पहले उन्होंने साधू की पिटाई की और बाद में गोली मार दी। विजय पिस्टल घर से लेकर आया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।