अग्रवाल मंडी टटीरी (ब्यूरो)। कस्बे में रेलवे स्टेशन के निकट छात्राओं पर फब्तियां कसते और छेड़छाड़ करने पर आरोपी युवक को लोगों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई कर अधमरा कर दिया। बाद में उसको पुलिस को सौंपा। लोगों ने कहा मनचले आए दिन स्टेशन के आसपास और बाजार से गुजरने वाले छात्राओं को परेशान करते हैं।
कोतवाली क्षेत्र की चार छात्राएं सोमवार सुबह कोचिंग के लिए जा रही थी। बागपत रोड स्टेशन के पास से गुजरते समय एक युवक ने उन पर फब्तियां कसी और छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्राओं के शोर मचाने पर मौके पर लोग इकट्ठे हो गए। सभी ने मिलकर आरोपी युवक की धुनाई कर दी। इस दौरान आरोपी घायल हो गया। बाद में उसको पुलिस को सौंपा।
छात्राओं ने पुलिस को दी जानकारी में बताया आरोपी युवक पिछले तीन दिन से उनको परेशान कर रहा था। समझाने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इससे उनका सड़क से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। आरोपी दिल्ली में एक विभाग में सफाई कर्मी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कस्बा चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने कहा तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई होगी। आरोपी युवक को कोतवाली में जाने का पता लगते ही उनके परिजन वहां पर पहुंच गए। बाद में छात्राओं के परिवार के लोग भी पहुंचे। शाम तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा।