बागपत के केंद्र सरकार के फैसले का असर सीधा बाजार और कारोबार पर दिखा। मंडियां ठप रही, किसानों को नुकसान झेलना पड़ा। दुकानों पर दिनभर ग्राहक नहीं दिखे। दुकानों के बाहर ही पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट पर प्रतिबंध की सूचना चस्पा कर दी गई।
बुधवार को हर जगह मारामारी रही। जरूरतों का सामान खरीदने दुकानों पर गए लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा। दुकानदारों ने पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट लेने से मना कर दिया। इसकी सूचना भी दुकानों के बाहर चस्पा कर दी गई। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा के बाजारों में दिनभर सन्नाटा छाया रहा। यहां ग्राहकों की आवाजाही कम रही। बाजार लुढ़का रहा और कारोबार भी सिमट गया।
रोजमर्रा के सामान भी नहीं खरीद सके
खेकड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार देर शाम पांच सौ एवं एक हजार के नोट का प्रचलन बंद करने से बुधवार को दिन भर लोग सामान खरीदने के लिये बाजारों भटकते रहे। दुकानदारों ने 500 और 1000 का नोट लेने से साफ मना कर दिया जिसमें घरेलू आवश्यक सामानों की खरीददारी करने से भी लोगों को वंचित रहना पड़ा। लोगों ने अचानक ये नोट बंद करने के फैसले की निंदा भी की। उनका कहना था कि कम से कम एक सप्ताह का समय सरकार को देना चाहिए था। गरीब लोग इन दिनों में जीवन यापन कैसे कर पायेंगे।
500 व 1000 के बंद हुए नोट बने परेशानी का सबब
छपरौली। केन्द्र सरकार द्वारा पांच सौ व एक हजार के नोट बंद किया जाना लोगों के लिए परेशानी का सबब बना रहा। दुकानदारों ने एक ओर जहां दुकानदारों ने नोट लेने से मना कर दिया वही दूसरी ओर इसी को लेकर नोकझोंक भी हुई। ग्राहक विकास ने बताया कि वे बाजार में जरूरत का सामान लेने बाजार आया था, लेकिन 500 का नोट किसी ने नहीं लिया और उसने सामान भी नहीं खरीदा। ग्राहक राजीव ने बताया कि उसे अपने पापा की बीमारी के लिए स्टोर से 523 रुपये की दवाई ली लेकिन न स्टोर संचालक ने 1000 का नोट लेने से मना कर दिया खुले रुपये न होने से उसे दवाई नहीं मिली। यहीं हाल सब्जी मंडी का रहा। ग्राहक बिजेद्र ने बताया कि उसे सब्जी खरीदनी थी लेकिन सब्जी विक्रेता सब्जी खरीदने से पहले ही कहने लगे कि 500 व 1000 का नोट नहीं लेंगे। दुकानदार संजय ने बताया कि जब नोट चलन से बाहर हो गए तो वे उसे लेकर कहां जाएंगे। इसी कारण से वह नोट नहीं ले रहा है।
नीलामी होगी ः खेकड़ा। थाने में 17 बाइक एवं एक टाटा टेंपो की नीलामी होनी थी, लेकिन पांच चौ एवं हजार के नोट बंद होने के कारण उपजिलाधिकारी आदित्य कुमार ने बुधवार को होने वाली इन वाहनो ंकी नीलामी को स्थगित कर दिया है।
परेशानी बढ़ी
खेकड़ा। दस एवं 11 नवंबर को भारी संख्या में शादियों की तिथि निर्धारित है। 500 और 1000 के नोट बंद होने से इनके सामने परेशानी खड़ी हो गई है। वे अब शादी की खरीदारी भी नहीं कर पा रहे हैं।
सराहना की
खेकड़ा। भाजपाइयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए इस कदम की सराहना की। अश्वनी प्रभाकर, मयंक सिंघल, मनोज कुमार, विकास, शिवा, गौरव तंवर, विक्की, सुनील रुहेला, नवीन जैन आदि मौजूद रहे।