बागपत में हरियाणा के बाद अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आरक्षण को लेकर जाट हुंकार भरने को तैयार हैं। रविवार को नगर में राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन होगा, इसमें जाट समाज के सांसदों से लेकर देश भर से समाज दिग्गज नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है। जिला एवं नगर जाट सभा ने सम्मेलन की तैयारी पूरी कर ली हैं।
आरक्षण को लेकर हरियाणा में जाटों ने जो बवंडर मचाया था, इसके बाद पूरे देश की नजर हरियाणा पर टिक गई है। आरक्षण को लेकर रविवार को नगर के दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित जाट भवन के सामने मैदान में एक राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन जाटों द्वारा आयोजित किया जा रहा है। पिछले एक माह से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जाट समाज के पदाधिकारी जन संपर्क कर रहे हैं।
जिला जाट सभा के महासचिव नगेंद्र सिंह ने बताया सम्मेलन में जाट समाज के सभी सांसद, मंत्री, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायकों से लेकर समाज के दिग्गत नेता, चौरासी, बत्तीसी खाप के चौधरियों को आमंत्रित किया है। देश भर से जाट समाज के लोग भी सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। इसमें केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण मुद्दे पर ही विचार होगा। इसके अलावा नगर में जाट समाज के प्रत्येक घर में जाकर सम्मेलन में पहुंचने की अपील की।
सम्मेलन में दिग्गजों के पहुंचने की संभावना
बागपत। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजय सिंह आगरा, सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, सांसद बाबूलाल चौधरी, सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, सांसद राहुल कासवान, सांसद दुष्यंत चौटाला, सांसद सुमेधानंद सरस्वती, सांसद संतोष अहलावत, पूर्व सांसद हरपाल पंवार, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक पंकज मलिक, विधायक वीरपाल राठी, विधायक गजेंद्र सिंह, दर्जा प्राप्त मंत्री चौधरी साहब सिंह, डॉ. कुलदीप उज्ज्वल, जिला पंचायत अध्यक्ष रेणू धामा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष योगेश धामा, पूर्व मंत्री अनुराधा चौधरी, पूर्व मंत्री लख्मी नारायण चौधरी, पूर्व मंत्री सरदार सिंह, भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत, भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित खाप चौधरी पहुंचेंगे।
पुलिस फोर्स रहेगी तैनात
बागपत। हरियाणा में जाट आरक्षण के दौरान भड़की हिंसा को देख नगर में जाटों के राष्ट्रीय आंदोलन के दौरान पुलिस प्रशासन ने भी पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात किया। इस बारे में एएसपी विद्या सागर मिश्रा ने कहा जाटों के राष्ट्रीय स्तर के होने वाले आंदोलन में भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात होगी। जरूरत पड़ने पर पीएसी भी लगाई जाएगी।