बागपत के बड़ौत में एक शिक्षक ने दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भर कर शव परिजनों को सौंप दिया।
शिक्षक गोविंद डाबस (32) पुत्र स्वर्गीय रोहताश मिंडकाली जनपद का मुजफ्फरनगर का रहने वाला था। हाल में वह बिजरौल रोड गली नंबर मधुबन कॉलोनी में अपने भाइयों के साथ रह रहा था और वह अविवाहित था। वह नगर के एक निजी स्कूल में शिक्षक था। गोविंद काफी दिनों से मानसिक रूप से बीमार था और उसने स्कूल जाना भी बंद कर रखा था।
उसके भाई गौतम डबास व गौरव डबास ने बताया कि वह मंगलवार को दोपहर 12.30 बजे के लगभग जनता वैदिक कालेज की मार्केट में स्थित दुकान से घर के लिए आया था। वह घर न जाने के बजाय दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर पहुंच गया और दिल्ली से ऋषिकेश जा रही पैसेंजर ट्रेन के आगे कूद गया। ट्रेन से कटकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसकी सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। गोविंद के परिजनों ने पुलिस को लिखकर दिया कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। इस पर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।
पत्नी की मौत के सदमे में लगाई फांसी
दोघट (ब्यूरो)। पुसार गांव के जंगल में पीपल के पेड़ पर व्यक्ति का शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान अश्वनी उर्फ बबलू (40) पुत्र स्वर्गीय बाबूराम निवासी पुसार के रूप में हुई। उसके भाई राजकुमार ने पुलिस को बताया कि वे अश्वनी समेत चार भाई है।
जिनमें राजकुमार, अजय रोडवेज में कर्मचारी हैं और पप्पू पानीपत में प्राइवेट नौकरी करता है। उनके पिता की कई वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। इसके बाद उनका पूरा परिवार मुजफ्फरनगर में मकान बनाकर रह रहा है। अश्वनी की शादी हो चुकी थी। आठ माह पूर्व उसकी पत्नी ललिता ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। तभी से अश्वनी मानसिक रूप से परेशान था।
उसके कोई औलाद भी नहीं थी। वह कुछ नहीं करता था और घर पर ही रहता था। पुसार गांव में उनकी 12 बीघा जमीन है। जिसको उन्होंने ठेके पर दे रखा है। तीन दिन पूर्व वह मुजफ्फरनगर से पुसार गांव आया था। उसने बताया कि मानसिक रूप से परेशान होने के कारण ही अश्वनी ने आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला आत्महत्या में दर्ज किया गया है। इस मामले में जांच की जा रही है।