बहराइच। शहर के मोहल्ला गुदड़ी में सोमवार रात एक पक्ष ने मामूली विवा में एक युवक को पीट दिया। उसे बचाने दो अन्य दौड़े तो कट्टे से फायरिंग कर तलवारबाजी की। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला नाजिरपुरा निवासी फत्तेआन ने कोतवाली नगर में दी गई तहरीर में कहा है कि वह अपने भाई की शादी का कार्ड बांटने के लिए सोमवार रात आठ बजे के आसपास बाइक से शहर में निकला था। जब वह कोतवालीनगर अंतर्गत मोहल्ला गुदड़ी में हलवाई धर्मशाला के पास पहुंचा तो वहां कुछ लोग पटाके छुड़ा रहे थे। पटाके में आग लगाते देेख फत्तेआन ने बाइक थोड़ी दूरी पर रोक ली। उसका कहना है कि इसी दौरान आतिशबाजी कर रहे कुछ युवकों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता की। फत्तेआन के विरोध करने पर सभी हमलावर हो गए। उसने शोर मचाया तो रास्ते से गुजर रहेे इफ्तिखार अली व साकिर उसे बचाने दौड़े तभी किसी ने कट्टे से फायरिंग कर तलवारबाजी की। हमले में फत्तेआन, इफ्तिखार अली और साकिर लहूलुहान हुए हैं। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फत्तेआन की हालत गंभीर है।
इस मामले में फत्तेआन की तहरीर पर पुलिस ने गुदड़ी मोहल्ला निवासी अन्नू, सनी, मनीष, अनुज, शैलेंद्र समेत सात लोगाें को नामजद करते हुए दस अज्ञात के खिलाफ रिपोेर्ट दर्ज की है। अपर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार वैद्य घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। किसी तरह एएसपी ने सभी को समझा बुझाकर शांत किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों के गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं, दबिश दी जा रही है।