बहराइच/फखरपुर। परसेंडी चीनी मिल के पास शनिवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक किसान को रौंद दिया। मौके पर उसकी उसकी मौत हो गई। अन्य हादसों में बाइक और साइकिल तथा जीप की टक्कर से छह लोग घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
रानीपुर थाना अंतर्गत धर्मपुर गांव निवासी कैलाश यादव (40) अपने भाई सुंदरलाल यादव के साथ दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर गन्ना लादकर कैसरगंज स्थित परसेंडी चीनी मिल के लिए शुक्रवार रात रवाना हुआ था। सुंदरलाल के ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया परसेंडी तिराहे के पास रात 11 बजे के आसपास पंक्चर हो गया। इस पर सुंदरलाल ट्रैक्टर के साथ वहीं रुका रहा, जबकि कैलाश अपनी गाड़ी लेकर मिल चला गया। वहां वाहन को लाइन में लगाकर कैलाश भाई के पंक्चर ट्रैक्टर-ट्रॉली को दुरुस्त करवाने के लिए परसेंडी तिराहे को पैदल रवाना हुआ। वह चीनी मिल से महज सौ मीटर चला था तभी पीछे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में आ गईं। ओवरटेक करने में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कैलाश को रौंदती हुई निकल गई। मौके पर ही कैलाश ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष बीके यादव ने मौके पर पहुंचकर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहनों के चालक फरार हैं। सुंदर की तहरीर पर केस दर्ज कर मृतक कैलाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उधर, कोतवाली नगर के बख्शीपुरा निवासी अनीस (35) और सोनू (25) वाहन चालक हैं। दोनों ने दोनक्का स्थित एक गैराज पर वाहन को सर्विसिंग के लिए दिया था। शनिवार सुबह अनीस और सोनू एक ही साइकिल पर सवार होकर दोनक्का जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा-बहराइच मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने से आ रहे वशीरगंज निवासी बाइक सवार सहाबी (21) ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीनों युवक घायल हुए हैं। उधर, इसी मार्ग पर कोतवाली देहात अंतर्गत बेरिया के पास तेज रफ्तार जीप की टक्कर से बाइक सवार कौड़िया निवासी राधेश्याम, धर्मप्रसाद और जगदीश घायल हुए हैं।