श्रावस्ती जाने वाले पर्यटकों का सफर सुहाना बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने पहल की है। पीडब्ल्यूडी ने कैसरगंज से हुजूरपुर होते हुए पयागपुर और इकौना जाने वाले मार्ग निर्माण की कवायद शुरू की है। इसके निर्माण पर लगभग 24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक माह के अंदर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
लखनऊ से श्रावस्ती स्थित बौद्ध तपोस्थली जाने के लिए दूरदराज से आने वाले पर्यटकों को बहराइच से होकर गुजरना पड़ता था। बहराइच से इकौना जाने वाले मार्ग पर सफर करने के कारण पर्यटकों को लगभग 40 से 50 किलोमीटर की अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी।
कैसरगंज से होते हुए हुजूरपुर और पयागपुर से इकौना जाने वाले मार्ग की हालत काफी दिनों से जर्जर है। कुछ दिन पूर्व यह मुद्दा भाजपा के पूर्व एमएलसी सुभाष त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह के सामने भी उठाया था।
मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए की कवायद शुरू की है। कैसरगंज से पयागपुर तक के 33 किलोमीटर लंबे मार्ग को ठीक कराने में पीडब्ल्यूडी लगभग 24 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है, एक माह के अंदर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।