ब्यूरो,अमर उजाला,बलिया
Updated Wed, 08 Feb 2017 08:21 PM IST
विधानसभा चुनाव को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में चुस्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन के दूसरे दिन बुधवार को तीन प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। इसमें एक निर्दल व दो सीपीआईएमएल के प्रत्याशी शामिल हैं। किसी राष्ट्रीय दल के प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने को लेकर प्रशासनिक अमला भी राहत में रहा।
जनपद के सात विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामांकन का दौर शुरू हो चुका है। पहले दिन दो प्रत्याशियों के नामांकन के बाद बुधवार को सिकंदरपुर विधानसभा सीट के लिए सीपीआईएमएल के प्रत्याशी श्रीराम चौधरी ने न्यायालय कक्ष नगर मजिस्ट्रेट के समक्ष एक सेट में पर्चा दाखिल किया। इसी तरह फेफना विधानसभा सीट से निर्दल प्रत्याशी के रूप में अमृता तिवारी ने माडल तहसील के न्यायालय कक्ष तहसीलदार के समक्ष नामांकन किया।
इसके अलावा बलिया नगर सीट के लिए सीपीआईएमएल प्रत्याशी परमात्मानंद राय ने माडल तहसील भवन के न्यायालय कक्ष उपजिलाधिकारी के समक्ष एक सेट में अपना पर्चा दाखिल किया।