बलिया। सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ (अजय सिंह गुट) के प्रदेश व्यापी आह्वान पर राज्य कर्मचारी अधिकार मंच के बैनर तले 12 नवंबर को अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। राज्य कर्मचारी अधिकार मंच के अध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि इसमें 15 सूत्री मांग एवं समस्याआें के निस्तारण तक हड़ताल जारी रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सिंचाई विभाग के सभाकक्ष में शनिवार को बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते अध्यक्ष अजय कुमार यादव ने कहा कि विधान सभा चुनाव के दौरान सरकार ने प्रदेश के राज्य कर्मियों एवं संविदा/ मानदेय कर्मियों से वादा किया था कि सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। लेकिन डेढ़ वर्ष होने के उपरांत भी सरकार ने अपना वादा नहीं पूरा किया। महामंत्री सुशील कुमार त्रिपाठी ने कहा कि जब तक उनकी 15 सूत्री मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक अनवरत हड़ताल चलती रहेगी। उन्होंने जनपद के समस्त कर्मचारी संगठनों से हड़ताल में समय से पहुंचने की अपील की। इस मौके पर शमीम अख्तर, संत कुमार, प्रताप नारायण उपाध्याय, विद्यासागर, संतोष तिवारी, ओम प्रकाश गुप्ता आदि कर्मचारी मौजूद रहे।