बलिया। जिले में बढ़ रहे अपराध व सीएम के दौरे के मद्देनजर रविवार को पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपराधियों पर नकेल न कस पाने वाले थानाध्यक्षों की जमकर क्लास लगाई। साथ ही कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों से बारी-बारी से उनके कार्यों के साथ ही उनके द्वारा की जारी विवेचनाओं की समीक्षा की। विवेचनाओं व शिकायतों के निस्तारण में संतोष जनक प्रगति नहीं पाने के साथ साथ ही लूट, हत्या, चोरी व महिलाओं के साथ होेने वाले अपराध पर नकेल नहीं कस पाने वाले थानाध्यक्षों की जमकर क्लास लगाई। कहा कि अपने कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्षों को अब खैर नहीं। उन्होंने लापरवाह थानाध्यक्षों को चेतावनी दिया कि वे अपने कार्यों में सुधार लाएं अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। पुलिस अधीक्षक ने चुनाव के मद्देनजर अपराध पर लगाम लगाने व सीएम के जिले में आगमन की तैयारियों को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिया। क्राइम समीक्षा में चितबडागांव थाना के चांद नाला के पास हुई लूट व सहतवार थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बालिका के साथ बलात्कार की वारदात को गंभीरता से लिया। वहीं एसपी ने जिले में विभिन्न सर्किल के क्षेत्राधिकारियों को अपराधियों पर नकेल कसने का निर्देश दिया। क्राइम समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी, बैरिया सीओ कालू राम दोहरे, रसड़ा सीओ अजय सिंह, बांसडीह सीओ अजय कुमार के अलावा नरहीं एसओ संतलाल यादव, फेफना एसओ श्यामजी यादव, रसड़ा कोतवाल अभय सिंह, नगर कोतवाल अजय राय सहित विभिन्न सर्किलों के सीओ व थानों के एसओ मौजूद रहे।