बेल्थरारोड। कसबा स्थित डाकबंगला रेलवे मालगोदाम रोड स्थित मानस मंदिर के पास रविवार को शिव चर्चा के दौरान बगल के नाले में खेलते समय दो मासूम बालिकाएं गिर पड़ी। इसमें एक की मौत हो गई और दूसरी बच गई। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को घरवालों को सौंप दिया। इस मामले में एसडीएम ने उभांव पुलिस को जांच का निर्देश दिया है।
नगर पंचायत के मानस मंदिर के पास शिवचर्चा का कार्यक्रम चल रहा था। इसमें वार्ड सात निवासी राजेश एवं बिहारी की पत्नियां क्रमश: रिंकू देवी एवं बिंदू देवी भी शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल से सटे खुला बड़े नाले में दोनों महिलाओं की चार वर्षीय पुत्रियां निकिता और रागिनी खेलते समय इसमें गिर पड़ी। निकिता नाले में ही डूब गई। जबकि रागिनी को डूबता देख एक महिला ने नाले में कूदकर बाहर निकाला। रागिनी ने घरवालों को बताया कि निकिता नाले में डूब गई है। यह सुन सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। एसडीएम रामानुज सिंह ने शिव चर्चा के दौरान नाले में गिरकर बालिका के मौत के मामले में जांच का आदेश दिया है। एसडीएम ने बताया कि चुनाव अचार संहिता लागू होने के बाद कार्यक्रम पर पाबंदी है। मामले की जांच उभांव पुलिस को दे दी गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।