बैरिया/बलिया। बैरिया थाने के भोजापुर गंाव में रविवार रात सरकारी नौकरी के नाम पर दिया गया रुपया मांगने पर कहासुनी के बाद फायरिंग शुरू हो गई। घटना में वृद्ध समेत तीन लोग जख्मी हो गए। गोली की आवाज सुनते ही गांव में अफरातफरी मच गई। वहां जुटे लोग भाग निकले। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन मे जुट गई। उधर घायल वृद्ध की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास व अन्य मामलों में एफआईआर दर्ज कर लिया है।
दोकटी थाने के जईछपरा के रहने वाले रामचंद्र मिश्र (70) ने बेटे को फौज में नौकरी दिलाने के लिए एक साल पहले 50 हजार रुपया भोजापुर के अमरनाथ को दिया था। काफी दिन बीतने के बाद भी लड़के की नौकरी नहीं लगी तो वह रुपये मांगने लगा लेकिन अमरनाथ आनाकानी करने लगा। इसी बीच पता चला कि बैरिया में रह रहा अमरनाथ होली पर अपने गांव आया है। इस पर रविवार रात रामचंद्र मिश्र उसके गांव भोजापुर पैसा मांगने पहुंच गया। उसने घर पंहुचकर जैसे ही पैसे की बात की वैसे ही अमरनाथ और उसके लड़के गालीगलौज करने लगे। इसके बाद मामला तूल पकड़ लिया और गांव के भी कई लोग जुट गए। इसी दौरान अमरनाथ की ओर से फायरिंग शुरू हो गई और गोली जईछपरा निवासी रामचंद्र मिश्र (70) के साथ ही भोजापुर निवासी जयशंकर पांडेय (30) व योगेंद्रनाथ पांडेय (51) को लग गई। सभी घायलों को आसपास के लोगों ने सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का हाल जानने एएसपी केसी गोस्वामी, सीओसीटी धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। एएसपी ने बैरिया एसओ को फोन पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है। एएसपी ने बताया कि हमलावरों का अगर पुराना आपराधिक इतिहास है तो उसे और गंभीरता से लिया जाए और त्वरित कार्रवाई की जाए। घायल जयशकंर पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने अमरनाथ पांडेय, तारकेश्वर पांडेय व दीपक पांडेय के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अभी तक कोई आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।