बलिया। लोकसभा चुनाव कार्यक्रमों को लेकर कर्मचारियों की लापरवाही पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सख्त हैं। सख्ती के बावजूद निर्वाचन कार्यों में कर्मचारियों की लापरवाही नहीं थम रही है। गुरुवार को भी पालीटेक्निक कालेज में प्रशिक्षण कार्यक्रम में 55 मतदान कार्मिक अनुपस्थित मिले। डीएम के आदेश पर सभी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सामान्य निर्वाचन 2014 को सकुशल संपन्न कराने के लिए पालीटेक्निक कालेज में गुरुवार को मतदान कार्मिकों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसके पहले ही दिन 55 कार्मिक अनुपस्थित रहे। इस पर सख्ती दिखाते हुए अधिकारी ने लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की सुसंगत धाराओं में कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराया। गुरुवार को मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू कराया गया, जिसमें 2080 के सापेक्ष 2025 कर्मचारी ही प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए आए। प्रथम पाली के प्रशिक्षण के दौरान 28 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए, जिसमें कन्हैया, सुभाष सिंह, भृगुनाथ राय, शाह आलम खा, शिवलाल, राजनाथ राय, महेश गोस्वामी, शिवलाल राम, योगेंद्र, पोपल राम, नमोनारायण पांडेय, संजय कुमार सिंह कई कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा द्वितीय पाली में 27 कार्मिक अनुपस्थित रहे, जिनके खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।