बलिया। अधिकारी की डांट से हालत बिगड़ने के बाद कर्मचारी की मौत के मामले को लेकर गुरुवार को चौथे दिन भी विकास भवन में कर्मचारी समन्वय समिति का धरना प्रदर्शन जारी रहा। धरनारत कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी से भी मिला और चिलकहर बीडीओ को दोषी बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए श्रमिक समन्वय समिति के प्रांतीय मंत्री राजेश पांडेय ने कहा कि चिलकहर ब्लाक के सहायक लेखा लिपिक सुरेश कुमार गुप्त की मौत के मामले में न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी। आरोपी बीडीओ को जब तक निलंबित कर गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर अवधेश चौरसिया, अशोक कुमार, मनोज समेत दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं स्व. सुरेश गुप्त की पत्नी माया देवी गुरुवार को सीडीओ और पुलिस अधीक्षक राजूबाबू सिंह से मिली। शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें आरोप लगाया है कि बीडीओ दयाराम ने पति को बुरी तरह से फटकारा इस कारण उन्हें मानसिक आघात पहुंचा और हृदयाघात से उनकी मौत हो गई। प्रकरण की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पति का जो भी बकाया धनराशि है, उसे दिलाने की मांग की। साथ ही बड़े पुत्र को मृतक आश्रित पर नौकरी देने की मांग की।