बलिया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे सदर उप जिलाधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस का उस समय माथा ठनका, जब उनके समक्ष कार्यालय का चपरासी भूपेंद्र कुमार सिंह अनुपस्थित बाबू हैदर अली के छुट्टी का फर्जी आवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही उसने आवेदन पर कार्यालय के नवागत लेखाधिकारी लक्ष्मी नारायण से बाबू के छुट्टी पर रहने का जबरिया हस्ताक्षर करा लिया। इस पर उन्होंने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों को निर्देश देकर जमकर क्लास लगाई। उसे उसके पद और कार्यों के बारे में बताया।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में मौजूद छात्राओं एवं उनके परिजनों ने उप जिलाधिकारी सदर शंभू कुमार को बताया कि सावित्री बाई फूले शिक्षा मदद योजना वर्ष 2011 के बारे में जब भी जानकारी के लिए आते हैं तो भूपेंद्र कुमार दुर्व्यवहार करता था। उप जिलाधिकारी ने भूपेंद्र से कड़ाई से पूछताछ की। एसडीएम की पूछताछ के दौरान वह चुपचाप खड़ा रहा। एसडीएम के निर्देश पर उपस्थित छात्राओं के बयान लिए गए। लेखाधिकारी लक्ष्मीकांत ने समय का उल्लेख करते हुए चपरासी भूपेंद्र कुमार द्वारा बाबू की छुट्टी के लिए प्रस्तुत आवेदन व हस्ताक्षर कराने की रिपोर्ट सौंपी।