बलिया। जिला कारागार बलिया में बंद भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या का आरोपी तथा माफिया डान मुख्तार के शूटर सहित सात का स्थानांतरण गैर जनपद हो गया। उनके ऊपर जिला कारागार में हुक्म चलाने के साथ ही सरकारी कार्यों में बाधा डालने का आरोप था। इसकी शिकायत पर जेल अधीक्षक एनएन पाठक ने डीएम को पत्र लिखा था। डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यह आदेश दिया। जिला कारागार से रविवार को जाने वाले कैदियों में चौहरा हत्याकांड के फरार चल रहे मुख्य आरोपी व दो लाख के इनामिया कौशल चौबे का भाई अजीत चौबे भी शामिल है।
माफिया डान मुख्तार के खास व कौशल चौबे के भाई समेत अन्य दबंग बंदियों का गैर जनपद स्थानांतरण हो गया। इसमें जेलर की संस्तुति से मुख्यालय के आदेश पर गैर मंडल के सुल्तानपुर जेल में मुख्तार के शूटर राकेश ऊर्फ हनुमान पांडेय को भेजा गया है। इसे मऊ जेल से दो वर्ष पूर्व बलिया भेजा गया था। इसके ऊपर गैंगेस्टर समेत सात मुकदमे हैं। एक वर्ष पूर्व गाजीपुर जेल से आए अजीत चौबे व सुरेंद्र यादव को मऊ भेजा गया है। अजीत बलिया के चर्चित चौहरा हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। सुरेंद्र भी एक हत्या में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। डेढ़ वर्ष पूर्व देवरिया जेल से आए अशोक यादव व राजेश कुमार को गाजीपुर भेजा गया है। अशोक के ऊपर हत्या सहित 21 मुकदमे हैं, जबकि राजेश पर गैंगेस्टर सहित छह मुकदमे हैं। गाजीपुर से दो वर्ष पूर्व बलिया आए राजेंद्र सिंह को देवरिया भेजा गया है। इसके ऊपर हत्या व हत्या करने के प्रयास सहित गैंगेस्टर का मुकदमा है। आजीवन कारावास की सजा काट रहे मुकेश तिवारी को भी देवरिया जेल भेजा गया है। जिलाधिकारी ने जेलर के पत्र पर ‘जेल मैनुअल प्रस्तर 138’ के तहत छह कैदियों को गैर जनपद भेजने का आदेश दिया।