शिवपुर। सुखपुरा थाना क्षेत्र के शिवपुर चट्टी पर सड़क की जर्जर स्थिति से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को बबुआ सिंह के नेतृत्व में बसंतपुर-बेरूआरबारी मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम के काफी समझाने-बुझाने पर करीब तीन घंटे बाद किसी तरह जाम समाप्त हुआ।
बसंतपुर-बेरूआरबारी मार्ग स्थित शिवपुर चट्टी पर जलजमाव के कारण सड़क जर्जर हो चुकी है। चट्टी पर घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। इसकी शिकायत कई बार ग्रामीणों ने विभागीय उच्चाधिकारियों से की। लेकिन विभागीय अफसर अब तक इसकी सुधि नहीं लिए। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को बबुआ सिंह के नेतृत्व में सुबह करीब साढ़े सात बजे सड़क जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। उधर सड़क जाम के समर्थन में दुकानदार भी शामिल हुए। सूचना पर एसओ सुखपुरा बृजेश सिंह, सीओ सदर आरके वर्मा, एसडीएम बांसडीह नागेंद्र सिंह व पीडब्लूडी के एई मोहित गुप्ता जाम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों को सुना। इसके बाद एसडीएम ने तत्काल जर्जर सड़क पर जहां जलजमाव हो रहा है, वहीं राबिस व ईंट का टुकड़ा तत्काल गिरवाने का निर्देश दिया। निर्देश पाते ही पीडब्लूडी के एई ने राबिस व ईंट का टुकड़ा गिरवाना शुरू कर दिया। साथ ही आगे चलकर सड़क पर लगने वाले पानी की जगह सीसी सड़क व पक्की नाली बनवाने का भरोसा दिया। प्रधान प्रतिनिधि शिवशंकर साहनी, शारदानंद सिंह, बुड्ढ़ा पांडेय, अशोक चौहान, मंटू पांडेय, हरेंद्र सिंह, दिवाकर कोटेदार, हरेराम चौहान, अशोक सिंह, अवधेश सिंह, बाबू चौबे, उमेश शर्मा, वीर बहादुर सिंह, अनिल कुमार सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।