बलिया। ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन के परिसर में हजारों की संख्या में सफाई कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया। जिसमें पांच माह से रुके वेतन व राजनेताओं के दबाव में हो रहे स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की।
धरना को संबोधित करते हुए राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह ने कहा कि जब तक समस्त कर्मचारियों के स्थानांतरण पर पूर्ण रूप से रोक नहीं लगा दी जाती है। तब तक यह धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान विकास भवन के कर्मचार महासंघ के मंत्री अविनाश उपाध्याय ने जिला पंचायत राज अधिकारी के इस कुकृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की। कहा कि सफाई कर्मियों का स्थानांतरण नहीं रोका गया तो विकास भवन के सभी कर्मचारी आंदोलन में भाग लेंगे। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि कर्मचारियों के रुके वेतन एरियर का भुगतान शीघ्र किया जाए। राजनेताओं के दबाव में हो रहे स्थानांतरण को निरस्त किया जाए। कहा कि सफाई कर्मियों के समस्त अभिलेखों के रखरखाव के लिए अतिरिक्त कक्ष की व्यवस्था की जाए।
सफाई कर्मियों के मिलने वाले उपकरण की जांचकर शीघ्र आपूर्ति की जाए। श्री यादव ने कहा कि तीन साल के कार्यकाल में ऐसा कमजोर जिला पंचायत राज अधिकारी नहीं आया है। चेताया कि हमारी लड़ाई तबतक जारी रहेगी जबतक समस्याओं का निस्तारण नहीं हो जाता है। इस मौके पर राजाराम सिंह, गौरीशंकर राम, बृजेश सिंह, अजय चौबे, मुक्तार राम, जयशंकर प्रजापति, भूपेंद्र तिवारी, राजेश पांडेय, श्रीनिवास मिश्र, सुशील गौतम, विनय सिंह, विरेंद्र प्रसाद, राजेंद्र यादव, मुन्ना आदि लोग मौजूद रहे। संचालन सत्यदेव राम ने किया।