बलिया। दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाला ददरी मेला अपना मूर्त रूप में लेना शुरू कर दिया है। कार्तिक पूर्णिमा नजदीक आते देख दुकानदार अपने दुकानाें को रात-दिन एक कर सजाने संवारने लगे हैं। मेले में दूर-दराज से आए लोग अपनी दुकानें लेकर पहुंच चुके हैं। सर्कस को मूर्तरूप दिया जा चुका है। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता ने सोमवार की देर शाम सर्कस के पहले शो का उद्घाटन किया। पुलिस प्रशासन मेले की सुरक्षा में अभी से जुट गई है।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाला ददरी मेले की रौनक बढ़ती जा रही है। इस दौरान दूर-दराज से आए दुकानदार अपनी दुकानों को तेजी के साथ सजाने संवारने में लगे हुए हैं। जिससे बुधवार 28 तारीख को लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा के स्नान पर मेलार्थियों का स्वागत किया जा सके। ददरी मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले अपना मूर्त ले चुके हैं। वहीं कुछ अभी तैयार किए जा रहे हैं। नगर पालिका द्वारा आवंटित जमीन की घेराबंदी करके गैर प्रांतों व गैर जिलों से आए दुकानदार जमीन की साफ-सफाई कर दुकान को सजाने में जुट गए हैं।
मनोरंजन के लिए आए टारजन सर्कस का नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता ने सोमवार की शाम सर्कस के पहले शो का उद्घाटन किया। इस मौके पर अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सर्कस के मैनेजर वकील अहमद ने बताया कि लोगों के बैठने के लिए करीब 700 कुर्सियां लगाई गई हैं। सर्कस में घोड़े, ऊंट, कुत्ते समेत विभिन्न खेल दिखाए जाएंगे। शो मंगलवार 12 बजे से सुचारु रूप से चलने लगेगा। मेले में उपस्थित लोगों के अल्पाहार व भोजन के लिए छोटे-मोटे दुकानदार भोजन बनाकर परोसना शुरू कर दिए हैं।