रतसर। क्षेत्र के ग्राम सभा रतसर के पुरवा भटवलिया के पास सड़क के किनारे स्थित चबूतरे पर लगी हनुमान प्रतिमा को अराजकतत्वों ने उखाड़कर सड़क किनारे फेंक दिया। बाद में पुलिस ने प्रतिमा को पुन: उसी स्थान पर स्थापित करा दिया।
गड़वार थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव के करीब चबूतरे पर हनुमान प्रतिमा स्थापित थी। रविवार की रात असामाजिक तत्वों ने उसे उखाड़कर कुछ दूर सड़क के किनारे फेंक दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने इसकी सूचना चौकी प्रभारी नरसिंह यादव को दी। पुलिस ने प्रतिमा को पुन: उसी स्थान पर स्थापित करवा दिया। इस बाबत एसओ रामाश्रय भारती ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ग्राम प्रधान नईम अख्तर ने सबके सहयोग से वहां भव्य मंदिर का निर्माण करवाने का आश्वासन दिया।