बांसडीहरोड। बलिया-छपरा रेल खंड पर स्थित छाता रेलवे क्रासिंग का फाटक मंगलवार की रात खुला रखने के मामले में डीआरएम ने गुरुवार को संयुक्त जांच टीम गठित कर दी। इस मामले में जांच टीम से दो दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
बलिया-छपरा रेल प्रखंड स्थित छाता रेलवे क्रासिंग का फाटक मंगलवार की रात में गेटमैन की लापरवाही से खुला ही रह गया। इसी बीच छपरा की ओर से आ रही मालगाड़ी के चालक ने करीब 600 मीटर की दूरी से देख लिया था कि क्रासिंग खुला है और उस समय क्रासिंग से बस पार कर रही थी। चालक प्रमेश कुमार ने अपनी चालाकी से अचानक आपातकालीन ब्रेक लगाया। जिसके चलते एक झटके में मालगाड़ी क्रासिंग के पास पहुंचते-पहुंचते खड़ी हो गई। इसके बाद रुकने का कारण स्पष्ट करने के लिए चालक ने मेमो पर यह दर्ज किया है कि अचानक क्रासिंग के खुले रहने की वजह सेआपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकनी पड़ी। इसकी सूचना अधिकारियों ने तत्काल कंट्रोल को दे दी थी। इस मामले में डीआरएम ने संयुक्त जांच टीम गठित कर दी है। डीआरएम के पीआरओ अशोक सिंह ने कहा कि संयुक्त जांच टीम में पीडब्लूआई, ट्रैफिक निरीक्षक, लोकल निरीक्षक को शामिल किया गया है। जांच टीम को दो दिन में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश डीआरएम ने दिया। अधिकारियों ने कहा कि जांच में आरोपी गेटमैन के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर गेटमैन का कहना है कि उसने ट्रेन आने की सूचना मिलते ही गेट बंद कर दिया था। अब सच्चाई क्या है यह जांच के बाद भी पता चलेगा।