बिल्थरारोड। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने पृथक पूर्वांचल राज्य के गठन की वकालत की है। उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की। साथ ही स्नातकोत्तर तक मुफ्त व अनिवार्य शिक्षा, मतदाता पेंशन, तकनीकी शिक्षा लागू करने व पिछड़े वर्ग को पदोन्नति में आरक्षण की मांग दोहराई।
चौकिया मोड़ स्थित धर्मशाला प्रांगण में शनिवार को भासपा व जनवादी पार्टी के संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन के मुख्य अतिथि श्री राजभर सपा-बसपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाटपाररानी उपचुनाव में राष्ट्रीय पार्टियों को जनता ने नकार कर साबित कर दिया कि आने वाला समय भासपा का है। जातिगत आरक्षण को गलत ठहराते उन्होंने कहा कि आरक्षण आर्थिक आधार पर होना चाहिए जिससे हर वर्ग के गरीब को उसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में उत्पादित बिजली का उपयोग दूसरे प्रांतों के लोग करते हैं। जबतक पृथक पूर्वांचल राज्य का गठन नहीं होता। तबतक पूर्वांचल का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने शिक्षा के राष्ट्रीयकरण की मांग की। किसानों की दुर्दशा पर कहा किसानों को फसल का वाजिब मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में जिस जाति का नेता कुर्सी पर बैठता है, सिर्फ उसी जाति का विकास होता है। सम्मेलन में समाज के कमजोर लाेंगों केे कल्याण के लिए एकता मंच को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया गया। सम्मेलन में उा. अवधेश राजभर, रामप्रीत, अभिमन्यु कुमार, शिवभरन, गुलाबचंद, विक्रम मोहन आदि ने संबोधित किया।