बलिया। शनिवार को लखनऊ जोन के डीआरएम ने माडल रेलवे स्टेशन बलिया का निरीक्षण किया। डीआरएम विनोद कुमार यादव ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, यात्री प्रतिक्षालय, डारमेट्री के साथ ही पेयजल व्यवस्था और शौचालय का भी जायजा लिया। जगह-जगह खामियां मिलने पर स्टेशन अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। डीआरएम ने एक नंबर प्लेटफार्म का विस्तर कर उसे 24 कोच का बनाने को कहा। 12 कोच के वाशिंगपीट को भी बढ़ाने की बात कही।
शनिवार को उत्सर्ग एक्सप्रेस के स्पेशल सैलून से बलिया पहुंचे लखनऊ जोन के डीआरएम विनोद कुमार यादव ने दोपहर में माडल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। सबसे पहले स्टेशन अधीक्षक कक्ष का जायजा लिया और माडल रेलवे स्टेशन के बारे में गहन पूछताछ की। इसके बाद टिकट खिड़कियों का निरीक्षण किया। वहां से रेलवे पुल को देखा और स्टेशन के दूसरी तरफ बंद पड़ी टिकट खिड़कियों का भी जायजा लिया। वहां दर्जनों लोगों ने डीआरएम से बंद पड़ी टिकट खिड़कियों को खोले जाने की मांग की। यात्रियों ने सुलभ शौचालय में दबंगई पूर्वक अधिक पैसा वसूलने तथा रेलवे के निजी काउंटर से एक रुपये की जगह पांच रुपये लेने की शिकायत की। इस पर डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह से पूछताछ की। स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि हमें अभी तक कोई भी लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसी कारण कार्रवाई नहीं की गई है। कुछ लोगों को नोटिस जरूर दिया गया है। यहां से यात्री प्रतिक्षालय, डारमेट्री, एक नंबर, दो नंबर तथा तीन नंबर प्लेटफार्म का गहन निरीक्षण किया। रेलवे परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। कुछ यात्रियों ने इस बात की भी शिकायत की कि उच्चाधिकारियों के आने पर ही स्टेशन लकदक दिखता है। जबकि अन्य दिनों में गंदगी से पटी रहती है। इस पर स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य को डीआरएम ने कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की। कहा कि यात्री सुविधाएं हर हाल में बेहतर की जाएंगी। प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तार और वाशिंगपीट को 12 कोच से बढ़ाकर 24 कोच करने की बात कही। उधर, डीआरएम के आने की सूचना से स्टेशन की न केवल साफ-सफाई की गई थी, बल्कि अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे दिन हांफते नजर आए।