सुरेमनपुर। छुट्टी खत्म होने के बाद ड्यूटी पर लौट रहे रहे पीएसी के जवान को शनिवार की देर शाम सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के समीप कुछ लोगों ने मारपीटकर उसके पास से 17 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित जवान ने घटना की तहरीर जीआरपी पुलिस को दे दी है। राजकीय रेलवे पुलिस के थानाध्यक्ष ने रविवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
रेवती क्षेत्र के नवका गांव निवासी संतोष कुमार सिंह(27) पुत्र श्याम बिहारी सिंह 39वीं बटालियन मिर्जापुर में तैनात हैं। छुट्टी खत्म होने के बाद जवान मिर्जापुर के लिए शनिवार की शाम घर से निकला। टेंपो मधुबनी शिव मंदिर के पास पहुंचा ही था कि वहां चार शराबियों ने टेंपो रोका और उसमें बैठने के लिए जोर जबरदस्ती करने लगे। इस पर टेंपो में सवार जवान संतोष कुमार सिंह और टेंपो चालक सुशील प्रजापति ने इसका विरोध किया। शराबी उनसे गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर वहां एकत्र हुई भीड़ ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया। मामला शांत होने के बाद संतोष सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। इसी बीच पीछे से करीब 10 की संख्या में स्टेशन पर पहुंचे लोगों ने संतोष सिंह की जमकर पिटाई कर दी। और उसने पाकेट में रखे 17 हजार 350 रुपये छीन कर चलते बने। जवान की माने तो जीआरपी के सिपाही कुछ ही दूरी पर खड़े थे, लेकिन आवाज सुनकर भी मौके पर नहीं पहुंचे।
विज्ञापन
जवान भाग कर सुरेमनपुर स्थित पुलिस चौकी में पहुंचा और अपनी जान बचाई। सूचना के बाद पुलिस रविवार को सुरेमनपुर स्टेशन पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी।
इस बाबत जीआरपी एसओ रामविलास यादव ने बताया कि पीड़ित ने अब तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।