अघोषित बिजली कटौती को रोके प्रशासन
d अमर उजाला ब्यूरो
बलिया। सिविल कोर्ट के अधिवक्ता मनोज कुमार राय हंस के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रभारी जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। जिसमें अनियमित विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त करने की मांग की गई।
प्रभारी जिलाधिकारी को सौंपे पत्रक में कहा गया है कि पूर्व में पूरे जिले के लिए एक शेड्यूल बनाया गया था। शहर के लिए 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का निर्णय लिया गया था। निर्धारित रोस्टर के मुताबिक दिन के 12 से शाम के छह बजे तक और रात में नौ से सुबह नौ बजे तक आपूर्ति की जानी थी। हालत यह है कि इस समय रोस्टर को ताक पर रखकर आपूर्ति की जा रही है। इससे पानी और बिजली के लिए हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच दोपहर और मध्य रात्रि में कटौती से आम लोगों की नींद हराम हो गई है। न्यायालय और स्कूल का समय सुबह का हो जाने से बच्चों सहित अधिवक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। चेताया कि यदि शेड्यूल पूर्ववत लागू नहीं हुआ तो अधिवक्ता आम जनता के साथ 13 मई को सड़क पर उतरेंगे। पत्रक सौंपने वालों में अधिवक्ता रणजीत कुमार राय, ब्रजेंद्र कुमार सिंह, विनय प्रकाश राय, शिव सरन, शिवाकांत, पंकज, संजीव आदि रहे। अधिवक्ता प्रशासनिक अधिकारी को पत्रक सौंपने के बाद प्रभारी डीएम से मिले। इस दौरान उन्होंने विद्युत संबंधी समस्याओं से अवगत कराया। वर्तमान विद्युत आपूर्ति के रोस्टर को रद्द करते हुए पूर्व की तरह शहर को प्रात: नौ से शाम पांच बजे तक व शाम को नौ से सुबह पांच बजे तक विद्युत मुहैय्या कराने की मांग की। इस पर प्रभारी डीएम ने आश्वासन दिया।