बलिया। रविवार को सुबह से ही बादल छाये रहे। शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ जिले में कहीं बारिश हुई तो कहीं हल्की बूंदाबांदी। मौसम के बदलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली। तेज आैर ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना हो गया। जहां तेज बारिश हुई, लोग कीचड़ से परेशान दिखे। बारिश से किसान भी खुश नजर आए।
रसड़ा प्रतिनिधि: भीषण गर्मी एवं उमस के चलते बेहाल आमजनों को हल्की वर्षा से सकून तो मिला। कहीं-कहीं कम बारिश के कारण उमस बढ़ गई और एकबार फिर से लोग गर्मी से बेहाल हो गए। सुबह से बरसते आग के गोले से परेशान लोगों को अपराह्न में बादल के उमड़ने से और कुछ ही देर बाद हल्की बारिश से थोड़ी राहत महसूस किए।
बिल्थरारोड प्रतिनिधि: रविवार को अपराह्न बेमौसम बरसात से नगर क्षेत्र में कीचड़ एवं फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई। वर्षा से किसान खुश नजर आए। नगर पंचायत के कुछ स्थानों पर जलजमाव भी हुआ। आवागमन में लोगों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
रेवती प्रतिनिधि: बारिश से तपिश झेल रहे लोगों को राहत मिली। हवा के झोके का लोगों ने आनंद लिया। हालांकि थोड़ी ही देर में धूप के चलते लोग उमस से परेशान भी दिखे।