बांदा। विश्वविख्यात हथौरा गांव में दिसंबर में होने वाले विशाल तबलीगी इज्तिमा (धार्मिक सम्मेलन) की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। लगभग एक हजार बीघा भूमि को इज्तिमागाह बनाया जा रहा है। अनुमान हैं कि 30 से 35 लाख लोग इज्तिमा में शरीक होंगे।
इसके पूर्व 1997 में हथौरा में ऐसा सम्मेलन हुआ था। अब इस साल दिसंबर की 15, 16 और 17 तारीखों को तीन दिवसीय इज्तिमा होने जा रहा है। देश भर से आए लोग और उलेमा शिरकत करेंगे। लगभग 100 बीघा भूमि में उलेमाओं और जमातों को जिम्मेदारों के बैठने के लिए मंच बनाया जा रहा है। लगभग इतनी ही जमीन में खाने के होटल और दुकानें बनेंगी। 400 बीघा भूमि वाहनों को खड़ा करने के लिए आरक्षित रहेगी। देश भर के जनपदों से हजारों वाहनों पर इज्तिमा में शामिल होने लोग आएंगे। अस्थाई पाइप लाइन, नहर, शौचालय, बिजली लाइन बनाई जाएगी। फिलहाल नमाज अदा करने के लिए पंडाल तैयार होने लगा है। पहली नवंबर से तैयारियां और तेज हो जाएंगी। प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां आकर अपना काम संभाल लेंगे। काम की जिम्मेदारियां जनपदवार बांटी गईं हैं।
मदरसा जामिया अरबिया हथौरा नाजिम मौलाना हबीब अहमद, मौलाना नजीब अहमद और मुफ्ती जहीर अहमद इत्यादि तैयारियों में जुटे हैं। मजलिसे अहरार सदर मौलाना गयासुद्दीन ने इसे बांदा के लिए खुशनसीबी बताते हुए खुशी का इजहार किया है।