बांदा। बदौसा क्षेत्र के उतरवां गांव में दलित युवती को खेत में दो दबंगों ने जमकर पीटा। युवती का आरोप है कि उसके जेवर भी लूट लिए। दूसरी घटना में दो दुकानदारों को युवक ने हमलाकर लहूलुहान कर दिया। बाद में पुलिस को यह कहकर सौंप दिया कि महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था।
उतरवां गांव में माधुरी (25) पत्नी शिवबाबू रैदास मंगलवार को खेत में थी। वहां दो दबंगों ने तमंचे की बट और लातू-घूंसों से बुरी तरह पीटा। माधुरी ने आरोप लगाया कि दबंग उसके जेवर भी लूट ले गए। घायल माधुरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, बिसंडा क्षेत्र के अकोना गांव में बुधवार की रात राम सिंह (32) पुत्र बलवीर को घर से घसीटकर तीन दबंगों ने लाठी और बरछी से लहूलुहान कर दिया। राम सिंह ने बताया कि हमलावरों में से एक पिछले वर्ष उसके घर चोरी के मामले में जेल भेजा गया था। इसी से नाराज थे।
डीएवी कालेज रोड (बांदा) निवासी मोहम्मद महबूब (45) एक अन्य साथी रज्जू (22) के साथ बुधवार की रात सब्जी मंडी स्थित सब्जी की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। मंडी के नजदीक ही एक दुकानदार ने अपने दो पुत्रों के साथ डंडों से दोनों पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। बाद में पुलिस को यह कहकर सौंप दिया कि महिला से छेड़छाड़ कर रहा था। कालिंजर प्रतिनिधि के मुताबिक पानी निकास के विवाद में कालिंजर निवासी राधे (53) और उसकी पत्नी चुन्नूबाई (50) को बुधवार की शाम पड़ोस के दबंगों ने मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। राधे को पानी भरे नाले में फेंक दिया। घर वालों ने उसे बाहर निकाला।