बांदा। साहित्यकार स्वर्गीय देवेंद्रनाथ खरे का 85वां जन्म दिवस मंगलवार को मनाया गया। मुख्य अतिथि नरेश सक्सेना व पूर्व मंत्री जमुना प्रसाद बोस ने उनकी कहानी संग्रह ‘दो गौरा एक पति तथा अन्य कहानियां’ का विमोचन किया। पोस्टर व हस्तलिखित पत्रिका प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान लाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र सौंपे गए।
मुख्य अतिथि ने देवेंद्रनाथ खरे के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि संतोष भदौरिया (इलाहाबाद), नरेश सक्सेना व विनोद कुमार शुक्ल ने अपनी रचनाएं पढ़ीं। दयानंद पुस्तकालय में हुई हस्तलिखित पत्रिका व पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। हस्तलिखित पत्रिका के लिए महाविद्यालय स्तर पर राजीव गांधी डिग्री कालेज को प्रथम, राजा देवी डिग्री कॉलेज को दूसरा स्थान मिला। उच्चतर माध्यमिक स्तर पर आर्यकन्या को प्रथम व जीआईसी को दूसरा तथा जीजीआईसी को तीसरा स्थान मिला। जूनियर हाईस्कूल वर्ग में जान मिल्टन कान्वेंट स्कूल अतर्रा अव्वल रहा। पोस्टर प्रतियोगिता में राजादेवी महाविद्यालय से बबली प्रथम, प्रियंका द्वितीय व रीतू गुप्ता तृतीय रहीं। राजीवगांधी डिग्री कॉलेज की फूलमती को सांत्वना पुरस्कार मिला। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर पर ओमर वैश्य की नेक परवीन प्रथम, जीआईसी के शैलेंद्र द्वितीय व अशोक तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर में सुरभि सविता अव्वल रहीं।