बांदा। केंद्र सरकार की त्वरित ग्रामीण जलापूर्ति योजना की निगरानी समिति का जिला चेयरमैन कांग्रेस नेता सैय्यद अल्तमश को बनाए जाने पर कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। साथ ही राहुल गांधी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी भी जताई।
रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित गोष्ठी में जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्र ने कहा कि भारत सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना है। संगठन के माध्यम से इसमें काम करने की काफी संभावनाएं हैं। जिलाध्यक्ष ने संगठन की ओर से पारित किए गए प्रस्ताव में राहुल गांधी को उपाध्यक्ष बनाए जाने पर सोनिया गांधी को बधाई संदेश भेजा। नवनियुक्त चेयरमैन अल्तमश ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी सक्रियता से निभाएंगी। शहर अध्यक्ष मोहम्मद उमर दुर्रानी ने आरोप लगाया कि केंद्र की योजनाओं में यहां बंदरबांट किया जा रहा है। इस पर निगाह रखनी होगी। गोष्ठी का संचालन शैलेंद्र सिंह (मवई) ने किया। भगवानदीन गर्ग, मदन गोपाल द्विवेदी, संकटा त्रिपाठी, सुमन शुक्ला, राजेश दीक्षित, सीमा खान, सुनीता रैकवार, शोएब रिजवी, रफत खान, युवा कांग्रेस के कुतैबा जमां, तिंदवारी विधायक के मीडिया प्रभारी केशव पाल और मंडलीय प्रवक्ता प्रद्युम्न दुबे लालू आदि शामिल रहे। इस मौके पर स्वयंसेवी पार्वती देवी, ज्योति मिश्रा और सोमवती ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उधर, अतर्रा नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनीलदत्त पांडेय और कार्यवाहक अध्यक्ष सूरज वाजपेयी ने राहुल गांधी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के फैसले को युवा वर्ग की आकांक्षाओं के अनुरूप बताया। नगर कार्यालय में बैठक हुई। इंदिरा आवास निगरानी समिति के जगदीश गुप्ता उर्फ विक्की, लालबाबू सिंह, बद्री गुप्ता, प्रभाकर पांडेय, राजेंद्र कछवाह, राकेश पयासी आदि उपस्थित रहे।