बांदा। गरीबी रेखा से नीचे जीवन गुजारने वाले (बीपीएल) परिवारों के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना (एनआरएचएम) के तहत लागू की गई स्मार्ट कार्ड योजना फ्लाप रही। जनपद के मात्र एक फीसदी बीपीएल परिवारों को ही इसका लाभ मिल पाया।
बांदा जनपद में 1,20,301 बीपीएल परिवार चिह्नित किए गए हैं। इनमें से मात्र 26 फीसदी 31,738 परिवारों को स्मार्ट कार्ड जारी किया गया है। इस कार्ड के जरिए गरीब को इलाज में कोई पैसा नहीं लगता। सरकार खर्च वहन करती है। प्रत्येक कार्ड की प्रीमियम राशि 532 रुपए है। बांदा जनपद को इस योजना से कुल एक करोड़ 68 लाख 85 हजार रुपए प्राप्त हुए। इसमें 323 कार्डधारकों ने अपने इलाज के लिए क्लेम किया। उन्हें मात्र दो लाख 34 हजार रुपए भुगतान किए गए। प्रत्येक कार्ड की क्लेम राशि 3653 रुपए 52 पैसे बताई गई है। लाभान्वित परिवार मात्र एक फीसदी हैं। बीमा का काम लखनऊ की कंपनी मेडसेव हेल्थ केअर प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है। यह आंकड़े स्वास्थ्य विभाग ने खुद शासन को उपलब्ध कराए हैं।