बांदा। सरकारी एजेंसियां गेहूं खरीद कर किसानों का पौने दो करोड़ रुपए दाबे बैठी हैं। इनमें सबसे ज्यादा पीसीएफ ने एक करोड़ सात लाख रुपए किसानों का बाकी रखा है। बांदा में 68 लाख 49 हजार, हमीरपुर में 24 लाख आठ हजार, महोबा में 11 लाख 14 हजार तथा चित्रकूट जनपद में 71 लाख 35 हजार रुपये बकाया है। उधर, किसान चेक मिलने के बाद भी बैंकों के चक्कर काट रहे हैं। अरबई के किसान कौशल यादव ने बताया कि सप्ताह भर बाद चेक मिला और अब ग्रामीण बैंक में चक्कर काट रहे हैं। यहां पैसा ही नहीं है। मझीवां के रामशरण राजपूत, छिबांव के गिरिजाशंकर द्विवेदी आदि किसान सरकारी एजेंसियों में गेहूं बेंच कर पछता रहे हैं। उधर, पीसीएफ क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि किसानों का दो दिन में सारा भुगतान कर दिया जाएगा। क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक राधेश्याम मिश्र का कहना है कि निर्धारित अवधि में गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।