गिरवां (बांदा)। बिजली शार्टसर्किट से लगी आग से चार मकान राख हो गए। संपत्ति समेत तकरीबन पांच लाख रुपये की गृहस्थी राख हो गई। फायर बिग्रेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। गिरवां थाना क्षेत्र के मलेहरा निवादा गांव में रविवार को सुबह शार्टसर्किट से लांगी नामक विकलांग के मकान में आग लग गई। कल्लू तिवारी, नंद किशोर, सोहद्रा के घर भी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी और खुद आग बुझाने में जुट गए। तालाब सूखा होने व बिजली चली जाने से पानी की कमी पड़ गई। दीपक बाबू द्विवेदी की सूचना पर अपर जिलाधिकारी केएन सिंह ने बिजली विभाग के एक्सईएन एके रुहेला को बिजली चालू करने के निर्देश दिए। निजी नलकूप चलवाकर फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। भरतबाबू द्विवेदी के खलिहान में रखी लकड़ी व भूसा भी नहीं बचा। एसडीएम नरैनी नसरुल्लाह खां, लेखपाल नजीम खान ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। पीड़ितों को मदद का भरोसा दिया। ग्राम प्रधान सुशील तिवारी ने एसडीएम को बताया कि सार्वजनिक रास्ते पर कुछ दबंगों ने मकान बना लिया है। एसडीएम ने लेखपाल को दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। भाजपा नेता प्रभाकर अवस्थी ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया और आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया। ब्यूरो