बांदा। सौतन के दो माह के बच्चे को लेकर भाग गई प्रेमिका अदालत में आत्मसमर्पण के बाद जेल चली गई। पुलिस ने सीजेएम न्यायालय से कस्टडी रिमांड हासिल कर महिला को अपने कब्जे में ले लिया और बच्चा बरामद करने के लिए ललितपुर रवाना हो गई।
गिरवां थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव निवासी विनोद कुमार अपनी ब्याहता पत्नी रानी देवी के साथ तीन मार्च 2013 को खत्री पहाड़ दर्शन को गया था। मंदिर के अंदर दर्शन को जाने से पहले विनोद ने एक महिला को अपने दो माह के बच्चे को सौंप दिया। कहा कि दर्शन के बाद वापस ले लेंगे। महिला मौका पाकर बच्चे को लेकर फरार हो गई। पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि बच्चा समेत फरार हुई महिला और कोई बल्कि विनोद की प्रेमिका थी। विनोद ने ही उसको साजिश के तहत बुलाकर बच्चे को सौंपा था। पुलिस ने विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह तीन माह से जेल में है। उधर, फरार चल रही प्रेमिका ने हाल ही में अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। उसे भी जेल भेज दिया गया। गिरवां थाना पुलिस ने अदालत की अनुमति लेकर महिला लक्ष्मी के बयान लिए। उसके आधार पर बच्चे की बरामदगी के लिए शनिवार को सीजेएम न्यायालय में कस्टडी रिमांड की अर्जी दी। न्यायालय ने तीन दिनों की रिमांड अर्जी स्वीकार कर ली। पुलिस ने महिला को जेल से रिमांड पर ले लिया और बच्चे की बरामदगी के लिए महिला लक्ष्मी सहित ललितपुर रवाना हो गई। तीन जून को कस्टडी रिमांड खत्म हो जाएगा। इसी दिन महिला को वापस जेल लाया जाएगा। ब्यूरो