बांदा। दलित किशोरी को तीन दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुराचार करने का मामला सामने आया है। रेप के बाद दरिंदों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर गांव के बाहर छोड़ दिया और किसी से कहने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मामला पता चलने के बाद किशोरी के परिवार वालों के साथ गांव के पचासों लोगों ने थाने पर धरना दिया और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। गांव वालों के आक्रोश को देखते हुए एसपी ने जांच का आदेश दिया है।
गांव के लोगों के साथ थाने पहुंचकर किशोरी के पिता ने एसपी को तहरीर दी। तहरीर में बताया कि 9 जून को रात करीब 9 बजे उसकी बेटी शौच के लिए बाहर गई थी। तभी वहां गांव के तीन दबंगों ने उसे दबोच लिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे उठा ले गए और कहीं अन्यत्र रखकर तीन दिन तक उसके साथ मुंह काला किया। इधर किशोरी के परिजन उसे ढूंढ़ रहे थे। इस बात को लेकर गांव में भी हलचल मच गई।
मामला खुलता देख दरिंदों ने किशोरी की आंखों पर पट्टी बांधकर छोड़ तो दिया मगर इस बात का जिक्र करने पर सारे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी। युवती ने घर लौटकर परिजनों को जब सारा वाकया बताया तो उनके पांवों तले जमीन खिसक गई। गांव वालों ने उन्हें ढाढ़स बंधाया और साथ लेकर थाने गए। पुलिस अधीक्षक ने उनकी बात गौर से सुनी और शहर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।इस मामले पर गांव में तनाव बना हुआ है। दलित बिरादरी के लोग न्याय के लिए लखनऊ सीएम से भी मिलने की तैयारी में हैं।