नरैनी। क्षेत्र पंचायत की बैठक में बीडीओ पर मनमानी का आरोप लगाते हुए बीडीसी सदस्यों व ग्राम प्रधानों ने नारेबाजी करते हुए बैठक का बहिष्कार किया। बीडीओ को तीन सूत्रीय ज्ञापन देकर जवाब मांगा है।
ब्लाक सभागार में मंगलवार को बैठक में फोरम पूरा होने के बाद कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य शोर मचाने लगे। उनका कहना था कि दो साल बीतने के बाद अभी तक क्षेत्र पंचायत समितियों का गठन नहीं किया गया। बैठक में बिना प्रस्ताव पास कराए क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस संबंध में सूचना तक नहीं दी जाती। सदस्य जयकरन सिंह ने आरोप लगाया कि निर्धारित 90 दिनों में बीडीसी की बैठक नहीं बुलाई जाती। बैठकों में आने-जाने का खर्च भी किसी सदस्य को नहीं दिया जाता। सदस्यों ने वर्ष 2011 से अब तक क्षेत्र पंचायत को विभिन्न मदों से मिली धनराशि का ब्योरा मांगा है।
ग्राम प्रधान संगठन ब्लाक अध्यक्ष दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पारदर्शिता की कमी से ब्लाक में यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इन हालातों में सभी ग्राम प्रधान बीडीसी सदस्यों के साथ हैं। बैठक में मौजूद 90 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बीडीओ को ज्ञापन देकर तीन बिंदुओं पर जवाब मांगा है।