बांदा। कांशीराम कालोनी जा रही साइकिल सवार दो सगी बहनों को ट्रक ने रौंद दिया। छोटी बहन की मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी बहन को घायल अवस्था में राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर, बवाल की आशंका पर पुलिस ने लाश को बिना सीलबंद और पंचनामा के आनन-फानन टेंपो में लादकर मर्चरी भिजवा दिया। घटनास्थल में जमा भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
लुधौरा (अतर्रा) निवासी जयबरन का परिवार कालूकुआं में किराए के मकान में रहता है। बुधवार को दोपहर उसकी बड़ी पुत्री राधा नामदेव (12) और छोटी मोहिनी (10) साइकिल पर कांशीराम कालोनी, हरदौली अपनी मौसी कंचन के यहां जा रही थी। सिविल लाइन पुलिस चौकी से चंद कदम दूर सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पीछे बैठी मोहिनी सड़क पर जा गिरी और उसके ऊपर से ट्रक गुजर गया। उसकी वहीं मौत हो गई। बड़ी बहन राधा बुरी तरह जख्मी हो गई। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चालक पंडित जेएन महाविद्यालय के सामने ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्लीनर को दबोच लिया।
उधर, घटना से कालोनी और आसपास के लोग उत्तेजित हो गए। आरोप लगाया कि नो-इंट्री के बावजूद ट्रक निकाले जा रहे हैं। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पहुंच गया। जिला अस्पताल में घायल राधा ने बताया कि मोहिनी कक्षा 3 की छात्रा थी। पिता गांव में खेतीबाड़ी करते हैं। यहां मां रानी और भाई श्यामू के साथ रहते हैं।