बांदा। जिला पंचायत के पास किराए की दुकानों में दीपावली में बेचने को आतिशबाजों के रखे गए पटाखों में छापामार कार्रवाई से कई पुलिस कर्मियों और छुटभैय्यों की ‘दीवाली’ हो गई। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस ने सात दुकानों में ताले तोड़कर ब्रांडेड कंपनियों के पैक बंद पटाखे बरामद किए थे। इनमें ज्यादातर फुलझड़ी और रंग-बिरंगी छठां बिखरने वाली आतिशबाजी थी। दीवाली पर बिक्री के लिए कुछ आतिशबाज इसे लाए थे लेकिन उनका जुर्म यह है कि इसे उन्होंने आबादी के बीच रखा। हालांकि बरामद पटाखों में कोई बड़ी धमाके वाली नहीं बताई गई। डरे-सहमे आतिशबाज पुलिस के सामने आकर अपना दावा करने के साहस नहीं जुटा सके। उधर, देर रात तक भारी मात्रा में ये पटाखे पुलिस ट्रक में भरवाकर पुलिस लाइन ले गई। तमाम डिब्बे पुलिस कर्मियों ने अधिकारियों की आंख बचाकर अपने घर पहुंचा दिए। कुछ छुटभैय्यों ने भी हाथ साफ किया।
उधर महुआ ब्लाक के मनीपुर गांव निवासी किशोरीलाल श्रीवास, सुशील कुमार, महेश, रज्जू अनुरागी आदि ने दबंगों द्वारा सार्वजनिक हैंडपंप का सामान खोल लेने की शिकायत उप जिलाधिकारी से की है।