बांदा। मंडलायुक्त अशोक दीक्षित ने चित्रकूटधाम मंडल के सभी उद्योग महाप्रबंधकों को निर्देश दिया है कि अपने जनपदों में हर माह के तीसरे हफ्ते उद्योग बंधु की बैठक अनिवार्य रूप से कराई जाए। इसमें उद्यमी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाए।
सोमवार को मयूर भवन सभागार में हुई उद्योग बंधु की मंडल स्तरीय बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन के तहत मंडल में 172 लाभार्थियों को रोजगार मिला है। इनमें बांदा में 45, हमीरपुर में 44, महोबा में 41 और चित्रकूट में 42 लाभार्थी शामिल हैं। इन्हें बैंकों से ऋण दिलाया जाएगा। मंडलायुक्त ने इस कार्यक्रम को अभियान के रूप में चलाने को कहा। लाभार्थियों का आवेदन पत्र बैंकों में भेजकर उद्योग महाप्रबंधक खुद बैंक प्रबंधकों से संपर्क करके रोजगार स्थापित कराएं। आयुक्त ने कहा कि बांदा में आम्रपाली और चित्रकूट में पावर प्रोजेक्ट के लिए भूमि की समस्या हो रही है। अधिकारी इसका निराकरण कराएं। उन्होंने संयुक्त निदेशक उद्योग आरएन त्रिपाठी को निर्देश दिए कि बांदा और चित्रकूट के जिलाधिकारियों से मिलकर बात करें और उसकी रिपोर्ट उनके समक्ष पेश करें।
बैठक में व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष गुप्त, बांदा अध्यक्ष मनोज जैन ने चिल्ला और तिंदवारी रोड की खस्ताहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि व्यापारियों को इससे काफी दिक्कतें हो रही हैं। भूरागढ़ स्थित औद्योगिक आस्थान में सड़क, पानी, बिजली की समस्याएं बताईं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। संयुक्त निदेशक ने बताया कि औद्योगिक आस्थान के लिए जल संस्थान, बिजली विभाग को इस्टीमेट बनाकर देगा। इसे यूपीएसआईडीएस प्रबंधक इलाहाबाद को भेजा जाएगा।
बैठक में डीएम भूपेंद्र एस चौधरी, संयुक्त विकास आयुक्त नरेंद्र त्रिपाठी, पुलिस उपाधीक्षक आशुतोष शुक्ल, व्यापारी सत्यनारायण तिवारी इत्यादि उपस्थित थे।