बबेरू (बांदा)। पवैया गांव में नागिन के साथ शादी करने की अफवाह फैलाने वाले युवक को पुलिस ने क्रिमिनल लॉ अमेडमेंट सहित कई गंभीर धाराओं में जेल भेज दिया है। उसके पिता, दादा और चाचा पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है। उधर, पवैया गांव में अब सन्नाटा है। शुक्रवार को नागपंचमी के दिन नागिन के साथ शादी करने की अफवाह फैलाकर युवक अमर वर्मा ने पवैया गांव मेें तमाशा कर दिया था। अंधविश्वास फैला तो भारी हुजूूम इकट्ठा हो गया। भीड़ की वजह से आरोपी अमर को दबोचने में पुलिस को खासी मशक्कत तक करनी पड़ी। उसकी गिरफ्तारी के साथ नाटक फ्लॉप हो गया। कोतवाली प्रभारी कमलेश यादव ने बताया कि अफवाह फैलाने पर अमर और उसके पिता देशराज, दादा रामस्वरूप व चाचा मइयादीन के विरुद्ध छल कपट कर धन अर्जित करना, धार्मिक भावनाओं को भड़काना, सांप्रदायिक माहौल खराब करना आदि की धारा 420, 295, 505 आईपीसी और 7 क्रिमिनल लॉ अमेडमेंट का मुकदमा दर्ज किया गया है। ब्यूरो