बांदा। मंडलायुक्त मुरलीधर दुबे ने कमिश्नरी में वकालत करने वाले वकीलों की सराहना की है। कहा कि यहां के अधिवक्ताओं का मुकदमों का जो प्रस्तुतीकरण है वह हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं जैसा है। राजस्व मुकदमों की सुनवाई की रफ्तार धीमी होने पर कहा कि इनमें तेजी लाई जाएगी।
शुक्रवार को कमिश्नरी परिसर में चित्रकूटधाम मंडल अधिवक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को समारोह में शपथ दिलाई गई। आयुक्त ने कहा कि यहां के अधिवक्ता विधिक कार्यों में दिलचस्पी लेते हैं यह अच्छी बात है। आयुक्त ने एसोसिएशन अध्यक्ष अर्जुन सिंह परिहार, महासचिव विनोद सिंह, उपाध्यक्ष उत्तम कुमार सहित सभी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अशोक शुक्ला व महासचिव जयराज सिंह, पूर्व अध्यक्ष शंकर सिंह गौतम, विद्यासागर द्विवेदी समेत बड़ी तादाद में अधिवक्ता उपस्थित रहे। एमएलसी डा.यज्ञदत्त शर्मा की निधि से एसोसिएशन को कंप्यूटर उपलब्ध कराने के लिए एक लाख रुपए दिए जाने की घोषणा एमएलसी के प्रतिनिधि अधिवक्ता अशोक त्रिपाठी जीतू ने की।