बांदा। अलग-अलग सड़क हादसों में एक बाइक सवार की मौत हो गई। तीन राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बंगालीपुरा निवासी दीपक (28) पुत्र प्रकाश बाबू द्विवेदी अपने भाई गुड्डू (15) के साथ नरदहा गांव से बाइक पर लौट रहा था। बृहस्पतिवार को सुबह नवाब टैंक के पास सामने से आ रही बाइक की टक्कर से घायल हो गए। अस्पताल आते समय दीपक की मौत हो गई। गुड्डू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घटना में अशोक कुमार (25) पुत्र सुरेंद्र सिंह परिहार (शुकुल कुआं) अपने मामा सूरजभान (28) पुत्र शिवदास (पिपरहरी) के साथ बाइक से अतरहट जा रहे थे। लामा गांव के पास टेंपो की टक्कर से घायल हो गए। उधर गिरवां क्षेत्र के मकरी गांव में मामूली विवाद में हमलावरों ने सरजू प्रसाद (52) पुत्र शंभू विश्वकर्मा को फावड़ा मारकर लहूलुहान कर दिया। उसके पुत्र रामचंद्र (10) की भी लाठी डंडों से पिटाई की। घटना के पीछे खेत में मवेशी घुसने का विवाद बताया गया है। उधर, अलग-अलग घटनाओं में छत से गिरकर रामनरेश (35) पुत्र मोहनलाल (महुआ) और पान कुमारी (12) पुत्री रामखिलावन निवासी लौमर (चिल्ला) घायल हो गए। ब्यूरो